लेखक और गीतकार जावेद अख्तर ने कहा है कि अगर भारत में बुर्के पर प्रतिबंध लगता है तो केंद्र सरकार राजस्थान में मतदान से पहले घूंघट पर प्रतिबंध लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने शायद मजबूरी में साध्वी प्रज्ञा को भोपाल सीट पर अपना उम्मीदवार बनाया। अख्तर ने भाजपा के राज में लोकतंत्र पर सवाल उठाए। कहा- भाजपा की यह विचारधारा है कि अगर तुम हमारे साथ नहीं, तो तुम एंटी नेशनल हो। अख्तर एक कार्यक्रम के सिलसिले में गुरुवार को भोपाल में थे।
अख्तर ने कहा- मेरा काफी वक्त भोपाल में बीता है। मेरा बाल-बाल यहां का कर्जदार है। 2019 का चुनाव देश के लिए महत्वपूर्ण है। ये चुनाव एक दोराह है, और जिस रास्ते पर देश जाएगा वो बहुत लंबा होगा। ये चुनाव तय करेगा कि मुल्क किस रास्ते पर जा रहा है। कई मोदी आएंगे और चले जाएंगे, देश है और रहेगा।
उन्होंनेकहा कि प्रज्ञा सिंह को भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारकर भाजपा ने हार स्वीकार कर ली। साध्वी के श्राप से एक देशभक्त शहीद हो सकता है तो उन्हें ऐसा श्राप हाफिज सईद और दूसरे आतंकियों को भी देना चाहिए। दरअसल, प्रज्ञा ने मुंबई हमले में शहीद हेमंत करकरे को लेकर विवादित बयान दिया था। इस पर चुनाव अयोग ने उन पर 72 घंटे का प्रतिबंध भी लगाया है।
देश में प्रेसिडेंशियल चुनाव नहीं हो रहा:
उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में नहीं देखता और ‘चौकीदार चोर है’ जैसी भाषा का समर्थन नहीं करता। अख्तर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दोनों ही पसंद नहीं। इस बार भाजपा की सरकार नहीं बन रही। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि देश में प्रेसिडेशियल चुनाव नहीं हो रहा है जो किसी एक आदमी के नाम पर वोट मांगा जा रहा है। यहां सांसदों के लिए चुनाव हो रहा है। लोग अपना सांसद चुनेंगे और न की मोदी और राहुल को। इस बार मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।
बुर्के पर नहीं चेहरा ढंकने पर लगा प्रतिबंध :
भारत में श्रीलंका की तरह बुर्के पर बैन की हो रही मांग को लेकर किए प्रश्न के जवाब में अख्तर ने कहा कि अगर भारत में बुर्के पर बैन लगता है उससे पहले इस सरकार को राजस्थान में घूंघट पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रीलंका में बुर्के पर प्रतिबंध नहीं लगा, बल्कि चेहरा ढंकने पर प्रतिबंध लगा है।