
शुभम् मरकाम
मितान भूमि समाचार
रायपुर में अब ‘तीसरी आँख’ का पहरा: नियम तोड़ा तो सीधे घर पहुँचेगा ई-चालान; 90 दिन में भुगतान न करने पर फँस सकती है गाड़

रायपुर | 01 फरवरी, 2026 राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को हाई-टेक और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने कमर कस ली है। नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने रविवार को जयस्तंभ चौक स्थित ITMS (इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब शहर में यातायात उल्लंघन पर शत-प्रतिशत ई-चालान ही काटे जाएंगे।
प्रमुख घोषणाएं और कड़े निर्देश:
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने एल एंड टी (L&T) कंपनी और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जोर दिया:
• शत-प्रतिशत ई-चालान: अब सड़कों पर पुलिस द्वारा हाथ से चालान काटने (Manual Challaning) की प्रक्रिया को न्यूनतम किया जाएगा। कैमरों के माध्यम से डिजिटल चालान जनरेट कर सीधे वाहन स्वामी के WhatsApp और टेक्स्ट मैसेज पर भेजे जाएंगे।
• 90 दिनों की समय सीमा: यदि वाहन स्वामी ई-चालान की जुर्माना राशि का भुगतान 90 दिनों के भीतर नहीं करता है, तो उसे औपचारिक नोटिस भेजा जाएगा और प्रकरण को सीधे न्यायालय (Court) में पेश किया जाएगा।
• परिवहन सेवाओं पर रोक: पुलिस प्रशासन अब परिवहन विभाग के साथ समन्वय करेगा। बकाया ई-चालान वाले वाहनों के लिए लायसेंस नवीनीकरण, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, वाहन का नामांतरण (Transfer), बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC) जैसी सेवाएं तब तक बाधित रहेंगी, जब तक जुर्माना नहीं भर दिया जाता।

पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता
डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि इस डिजिटल व्यवस्था से पुलिस और जनता के बीच होने वाले विवादों और भ्रष्टाचार के आरोपों पर लगाम लगेगी।
”ई-चालान सिस्टम से कार्यवाही में पारदर्शिता आएगी। जवानों को ई-चालान डिवाइस दी गई है, जिसका उपयोग कर वे मौके पर उल्लंघनकर्ता का फोटो खींचकर सिस्टम में भेजेंगे।”
हालांकि, नशे में वाहन चलाने (Drunk and Drive) और नो-एंट्री जैसे गंभीर मामलों में मौके पर ही एल्कोमीटर से जांच कर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
सिस्टम की कमियों को दूर करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने L&T के मैनेजर दीपक मालवीय को सख्त लहजे में कहा कि शहर के बंद पड़े सिग्नल्स और खराब कैमरों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के लिए लगाया गया यह सिस्टम हर समय क्रियाशील रहना चाहिए।
उपस्थिति: इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त यातायात श्री गुरजीत सिंह, श्री सतीश ठाकुर, L&T मैनेजर श्री दीपक मालवीय और यातायात स्टाफ मुख्य रूप से मौजूद रहे।
शुभम् मरकाम
मितान भूमि समाचार
9111749055












