बिलासपुर। शहर के सकरी इलाके में पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी, सास और ससुर पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में आरोपित की पत्नी की की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित वहां से फरार हो गया। जिसके बाद आस पास के लोगों ने घटना की सूचना 112 को दी। घायलों को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।
मामला सकरी थानांतर्गत अटल आवास वार्ड क्रमांक 6 का है। यहां मनोज सारथी पिता जैतराम सारथी उम्र 30 वर्ष ने अपनी पत्नी बबिता सारथी उम्र 25 वर्ष, ससुर धन्नू सारथी उम्र 50 वर्ष और सास परमिला सारथी उम्र 45 वर्ष के साथ रहता था। बुधवार की रात 10 बजे किसी बात को लेकर घर में युवक का विवाद हो गया। जिससे तैश में आकर युवक ने अपनी पत्नी के सिने और पेट मे चाकू मार दिया। घायल महिला की चीख सुनकर छुड़ाने पहुंचे सास और ससुर पर भी युवक ने चाकू से हमला कर दिया और वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद पास रहने वाले किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना डायल 112 को दी जिस पर 112 की टीम ने घायलों को सिम्स में भर्ती कराया। घटना के बाद से आरोपित मनोज फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।