नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर वोटिंग जारी है। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की 10, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश और बिहार की आठ-आठ, दिल्ली की सात और झारखंड की चार सीटों पर मतदान हो रहा है।
इस चरण में जिन सीटों पर मतदान हो रहा है वहां दस करोड़ 17 लाख मतदाता हैं। निर्वाचन आयोग ने इन सीटों पर मतदान के लिए 1.13 लाख मतदान केंद्र बनाए हैं। इन सीटों पर कुल 979 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं जिनके राजनीतिक भविष्य का फैसला आज ईवीएम में बंद हो जाएगा।
LIVE UPDATES :
– दिल्ली : संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी निर्वाण भवन में मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंची। इस दौरान उनके साथ शिला दीक्षित भी मौजूद रही।
– हरियाणा : सोनीपत से कांग्रेस उम्मीदवार भूपिंदर सिंह हुड्डा और रोहतक से कांग्रेस उम्मीदवार दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने वोट डाला ।
– दिल्ली के सबसे पुराने मतदाता, 111 वर्षीय बचन सिंह ने संत गढ़ के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
– दिल्ली: औरंगजेब लेन के मतदान केंद्र पर सुषमा स्वराज ने अपना वोट डाला।
– दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइन्स के पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे उनलोगों के पक्ष में मतदान नहीं करें जो दिल्ली में काम रोक रहे हैं।
– पश्चिम बंगाल : घाटल से बीजेपी कैंडिडेट में शामिल भारती घोष कि गाड़ी पर तोड़फोड़ की। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि हमले के पीछे टीएमसी कार्यकर्ताओं का हाथ है।
– दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी औरंगजेब लेन में पोलिंग बूथ पर अपना वोट डालने पहुंचे। राहुल गांधी ने अपना वोट डालने के बाद कहा कि चुनाव विमुद्रीकरण, किसान समस्याओं, गब्बर सिंह टैक्स और राफेल में भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों पर लड़ा था। नरेंद्र मोदी ने अभियान में नफरत का इस्तेमाल किया और हमने प्यार का इस्तेमाल किया और मुझे विश्वास है कि प्यार जीत जाएगा।
– पूर्वी दिल्ली से AAP कैंडिडेट आतिशी ने जंगीपुरा में मतदान केंद्र पर वोट डाला। वह भाजपा के गौतम गंभीर और कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ मैदान में हैं।
– दिल्ली भाजपा प्रमुख और उत्तर-पूर्व दिल्ली से पार्टी के उम्मीदवार मनोज तिवारी ने यमुना विहार में मतदान केंद्र संख्या 60 पर अपना वोट डाला। उनका मुकाबला कांग्रेस की शीला दीक्षित और आप के दिलीप पांडे से है।
– छठे चरण में सुबह 9 बजे तक वोटिंग प्रतिशत इस प्रकार है : बिहार -9.03%, हरियाणा- 3.74%, मध्य प्रदेश- 4.01%, उत्तर प्रदेश- 6.86%, पश्चिम बंगाल- 6.58%, झारखंड- 12.45%, दिल्ली- 3.74 % ।
– हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल में अपना वोट डाला।
– पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र के पांडव नगर के मतदान केंद्र पर दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने वोट डाला।
– दिल्ली : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन के पोलिंग केंद्र पर अपना वोट डाला।
सोनू सिंह के समर्थक मतदाताओं को धमका रहे हैं : मेनका गांधी
– केंद्रीय मंत्री और सुल्तानपुर से भाजपा की उम्मीदवार मेनका गांधी और महागठबंधन के उम्मीदवार सोनू सिंह के बीच मामूली बहस के बाद मेनका गांधी ने आरोप लगाया कि सोनू सिंह के समर्थक मतदाताओं को धमका रहे हैं।