एक्सक्लूसिव रिपोर्ट: जशपुर में धान तस्करी के ‘सिंडिकेट’ का लाइव पर्दाफाश; राइस मिल और तस्करों की सांठगांठ आई सामने

शुभम् मरकाम
मितान भूमि समाचार
एक्सक्लूसिव रिपोर्ट: जशपुर में धान तस्करी के ‘सिंडिकेट’ का लाइव पर्दाफाश; राइस मिल और तस्करों की सांठगांठ आई सामने

कुमेकेला/जशपुर | 19 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के समापन से ठीक पहले जशपुर जिले में धान माफियाओं के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। रविवार की आधी रात को कुमेकेला (रैरुमा खुर्द) में ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों की सतर्कता से अवैध धान से लदी एक पिकअप को दबोचा गया। इस पकड़े गए वाहन ने उस ‘सिस्टम’ की पोल खोल दी है, जो रात के अंधेरे में सरकारी राजस्व को चूना लगा रहा है।
सनसनीखेज खुलासा: ‘कमला राइस मिल’ से तमता तक तस्करी का रूट
पकड़ी गई बोलेरो पिकअप (CG04 NX 2987) में 80 बोरी धान ठसाठस भरा था। ड्राइवर अनूप चौहान ने कैमरे पर कबूला कि यह धान ‘कमला राइस मिल’ से लोड किया गया था। यह बयान सीधे तौर पर राइस मिलर्स की संदिग्ध भूमिका की ओर इशारा करता है कि कैसे मिल के भीतर से अवैध रूप से माल बाहर निकाला जा रहा है।

कौन है नेटवर्क का ‘किंगपिन’ अंकित त्रिपाठी?
ड्राइवर के बयानों ने एक बड़े नाम का खुलासा किया है— अंकित त्रिपाठी।
• मोडस ऑपेरंडी: ड्राइवर के मुताबिक, अंकित त्रिपाठी ही फोन पर पूरे रूट की सेटिंग करता है और बताता है कि माल कहां खपाना है।
• कनेक्शन: गाड़ी का मालिक सूरजपुर का ‘कृपा’ बताया जा रहा है, लेकिन जशपुर और तमता के क्षेत्र में पूरा खेल अंकित के इशारों पर चल रहा है।
प्रशासन के लिए 5 चुभते सवाल:
• मिल की मॉनिटरिंग क्यों नहीं? राइस मिल से बिना कागजात के 80 बोरी धान बाहर कैसे निकला? क्या मिल में स्टॉक रजिस्टर की जांच होगी?
• चेकपोस्ट पर ‘सेटिंग’ का खेल? रात में गश्त करने वाली पुलिस और खाद्य विभाग की टीमें इस वाहन को देखने में नाकाम क्यों रहीं?
• अंकित त्रिपाठी पर शिकंजा कब? क्या प्रशासन केवल ड्राइवर को जेल भेजकर इतिश्री कर लेगा या मास्टरमाइंड तक भी पहुंचेगा?
• सूरजपुर-जशपुर कनेक्शन: दूसरे जिले की गाड़ी का इस तस्करी में इस्तेमाल होना क्या किसी अंतर-जिला गैंग का हिस्सा है?
• लाइसेंस रद्द होगा? क्या अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर ‘कमला राइस मिल’ का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा?

कड़ी कार्रवाई की दरकार: इस मामले के वीडियो साक्ष्य अब सोशल मीडिया पर वायरल हैं। ड्राइवर का ‘ऑन-कैमरा’ कबूलनामा इस बात का पक्का सबूत है कि यह कोई छिटपुट घटना नहीं बल्कि एक बड़ा घोटाला है।
शुभम् मरकाम
मितान भूमि समाचार
9111749055












