रायपुर। देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में आज 13राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 117 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। वहीँ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोटा में बनाए गए आदर्श मतदान केंद्र के दो बूथों क्रमांक 25 और 28 पर मतदान करीब 1 घंटे देरी से शुरू हुआ। यहां ईवीएम में खराबी की जानकारी मिली है। पोलिंग बूथों पर सुबह से ही मतदाता उत्साह के साथ पहुंचे थे, लेकिन ईवीएम में खराबी आने के बाद यहां लंबी कतार लग गई।
बाद में ईवीएम में आई गड़बड़ी को सुधारा गया और फिर मतदान शुरू हुई। इसके अलावा जानकारी मिल रही है कि जांजगीर जिले के कोटमीसोनार के पोलिंग बूथ क्रमांक 175 में ईवीएम खराब हो गई है और यहां अब तक वोटिंग शुरू नहीं हो पाई है।
राजधानी रायपुर के कई पोलिंग बूथों में से सुबह से ही ईवीएम खराबी की जानकारी मिल रही थी। कुशालपुर के बूथ क्रमांक 156, दुर्गा कॉलेज पोलिंग बूथ, सूरजपुर के बूथ क्रमांक 44, राजधानी रायपुर से लगे फुढ़हर गांव के सरकारी स्कूल के पोलिंग बूथ, गुजराती स्कूल पोलिंग बूथ क्रमांक 127, टैगोर नगर, हीरापुर के पोलिंग बूथ में भी ईवीएम खराबी की जानकारी मिली है। इसके अलावा कोरबा के एमपी नगर पोलिंग बूथ में भी मशीन में कुछ देर के लिए खराबी आई थी।