रायपुर. लोकसभा चुनाव के तीसरे और छत्तीसगढ़ के अंतिम चरण में मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। अंतिम चरण में प्रदेश की सभी 7 सीटों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा व सरगुजा पर मतदाताओं में चुनाव को लेकर उत्साह है। हालांकि दोपहर 3 बजे तक इन सात सीटों पर कुल 55.29 फीसदी मतदान हुआ है।
रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में पशु चिकित्सालय में बने पोलिंग बूथ क्रमांक 32 में मतदान करने पहुंची महिला की मौत हो गई। महिला अंजला टोप्पो मतदान के लिए लाइन में लगी थी। इसी दौरान चक्कर आने पर गिर गई। इसके बाद उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं नक्सलियों ने सरगुजा लोकसभा के बलरामपुर जिले में मतदाताओं को डराने के लिए आईईडी विस्फोट किया है। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट सामरी क्षेत्र के चुनचुना में हुआ है। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। नक्सली वारदात को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने पहले ही चुनचुना, पुलदाग पोलिंग बूथ को 17 किमी पहले बंदरचुआ मतदान केंद्र में शिफ्ट कर दिया था।
मतदान अपडेट
बेमेतरा में 9 लोग वोट डालने से वंचित। मतदान करने पहुंचे तो बताया गया मृत। विधानसभा चुनाव में किया था सभी ने मतदान।
बिलासपुर लोकसभा के मुंगेली जिले की लोरमी में 16 वर्षीय बेटे की मौत होने पर अंतिम संस्कार के बाद परिवार के 15 लोगों ने एक साथ टेकनपारा पोलिंग बूथ क्रमांक 205 पर मतदान किया।
रायपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन ने पत्नी व परिवार के 15 लोगों के साथ किया मतदान। वे जयस्तंभ चौक स्थित गुजराती स्कूल में मतदान के लिए पहुंचे।
दोपहर 3 बजे तक रायपुर में 52.73%, बिलासपुर में 50.99%, दुर्ग में 54.30, सरगुजा में 59.72%, रायगढ़ में 58.53%, जांजगीर में 55.22% और कोरबा में 56.50 फीसदी मतदान
वरिष्ठ नेता और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा, कांग्रेस कम से कम 7 सीटें जीते तो ठीक, वर्ना सरकार की कमजोरी मानी जाएगी। फिलहाल 5 जीत रही और 6 में टक्कर दे रही।
रायपुर उत्तर से कांग्रेस विधायक कुलदीप जुनेजा ने अपने परिवार के 40 सदस्यों के साथ राजधानी के आदर्श स्कूल में बने मतदान केंद्र पर वोट किया।
दोपहर 2 बजे तक रायपुर में 39.81%, बिलासपुर में 39.86%, दुर्ग में 41.66%, सरगुजा में 46.91%, रायगढ़ में 48.23%, जांजगीर में 45.36% और कोरबा में 39.57 फीसदी मतदान
जांजगीर लोकसभा क्षेत्र में विधान सभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत अपनी पत्नी ज्योत्सना महंत के साथ वोट डालने गृह ग्राम सारागांव पहुंचे। खास बात कि ज्योत्सना महंत कोरबा से कांग्रेस प्रत्याशी हैं, लेकिन खुद को मतदान नहीं कर पाईं।
रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में पशु चिकित्सालय में बने पोलिंग बूथ क्रमांक 32 में मतदान करने पहुंची महिला की मौत हो गई।
प्रदेश में भर में 39 पोलिंग बूथ ऐसे बनाए गए हैं, जहां सिर्फ दिव्यांगों को ही सारी जिम्मेदारी दी गई है। इन बूथों पर पोलिंग अफसर से लेकर मतदानकर्मी तक सभी दिव्यांग हैं।
सरगुजा से भाजपा प्रत्याशी रेणुका सिंह ने ज्योतिषी की सलाह के बाद बदला मतदान का समय। पहले वो सुबह 8 बजे मतदान करने वाली थीं। फिर 9.40 बजे किया मतदान। वहीं रायपुर से भाजपा उम्मीदवार सुनील सोनी ने भी मुहूर्त निकलवाकर 11.33 बजे की वोटिंग।
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडेय ने दुर्ग स्थित गुरुनानक स्कूल में मतदान किया
दोपहर 1 बजे तक रायपुर में 37.13%, बिलासपुर में 39.86%, दुर्ग में 42.03%, सरगुजा में 40.81%, रायगढ़ में 45.93%, जांजगीर में 40.69% और कोरबा में 39.09 फीसदी मतदान
रायपुर के खम्हारडीह पोलिंग बूथ की लगभग आधे घंटे से ईवीएम मशीन खराब
मतदान के दौरान कई स्थानों पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी। रायपुर, जशपुर में कई मामले आए सामने। वोट डालने पहुंचे जीवित व्यक्ति को मृत बताया। लोगों में गुस्सा।
सरगुजा लोकसभा के बलरामपुर में सामरी क्षेत्र के चुनचुना में नक्सलियों ने किया आईईडी ब्लास्ट। कोई हताहत नहीं। नक्सली वारदात को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने पहले ही चुनचुना, पुलदाग पोलिंग बूथ को बंदरचुआ मतदान केंद्र में किया था शिफ्ट
रायगढ़ लोकसभा में जशपुर के कुनकुरी में शासकीय कन्या शाला परिसर में बनाए गए पोलिंग बूथ पर मधुमक्खियों का हमला, 6 लोग घायल, 20 मिनट रुका रहा मतदान
जशपुर में केंद्रीय राज्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवार सहित मतदान किया।
सरगुजा से भाजपा उम्मीदवार रेणुका सिंह ने मतदान किया
सुबह 11.30 बजे तक रायपुर में 12.97%, बिलासपुर में 25.41%, दुर्ग में 27.50%, सरगुजा में 30.6%, रायगढ़ में 30.31%, जांजगीर में 26.99% और कोरबा में 25.6 फीसदी मतदान
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने परिवार सहित पाटन विधानसभा सीट के कुरुदडीह मतदान केंद्र में किया मतदान। इसके बाद सेल्फी जोन में जाकर सेल्फी भी ली।
जांजगीर में सक्ती विधान सभा क्षेत्र के रैनखोल की पहाड़ी से उतरकर दो किमी दूर बने बूथ पर वोट डालने पहुंचे मतदाता।
रायगढ़ लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी गोमती साय ने परिवार सहित मतदान केंद्र क्रमांक 242 माध्यमिक शाला मेंडरबहार 2 पर मतदान किया।
बिलासपुर लोकसभा के मुंगेली जिले की लोरमी विधानसभा में ग्राम पंचायत डूमरहा में ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार। शौचालय निर्माण में भ्रष्टाचार, पीएम आवास में गड़बड़ी, बदहाल सड़क की शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप।
सुबह 11 बजे तक रायपुर में 12.56%, बिलासपुर में 12.57%, दुर्ग में 13.10%, सरगुजा में 21.94%, रायगढ़ में 16.41%, जांजगीर में 10.99% और कोरबा में 11.76 फीसदी मतदान
कोरिया जिले के शेरा डांड में सुबह 7.30 बजे तक 100 % वोटिंग। प्रदेश का सबसे छोटा मतदान केंद्र, यहां सिर्फ 4 मतदाता और दो मतदान कर्मी। सभी ने डाला वोट।
प्रदेश के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने सपरिवार दुर्ग के पाऊवारा में बनाए गए शासकीय प्राथमिक स्कूल के मतदान केंद्र पहुंचकर वोट किया
कांग्रेस के प्रशासनिक राष्ट्रीय महामंत्री व पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा और उनके बेटे विधायक अरुण वोरा ने दुर्ग के तुलाराम आर्य कन्या विद्यालय में जाकर वोट डाला
दुर्ग से भाजपा उम्मीदवार विजय बघेल ने भिलाई सेक्टर 5 स्थित बूथ पर मतदान किया। वहीं भिलाई सेक्टर 9 में भाजपा विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय मतदान करने पहुंचे।
सुबह 10 बजे तक रायपुर में 12.53%, बिलासपुर में 10.93%, दुर्ग में 13.07%, सरगुजा में 15.9%, रायगढ़ में 14.7%, जांजगीर में 10.98% और कोरबा में 10.02 फीसदी मतदान
बैकुंठपुर के ग्राम पंचायत देवाडांड के कोचका पोलिंग बूथ पर दो सगी बहनें साधना और रचना शादी के बाद अपनी विदाई से पहले मतदान करने पहुंची।
बेमेतरा के नवागढ़ में बूथ क्रमांक 152 ,154 और मुरता के 121 ,122,123 के बीएलओ मिले नदारद। कार्रवाई के निर्देश।
सुबह 9 बजे तक रायपुर में 6.34%, बिलासपुर में 10.93%, दुर्ग में 9.3%, सरगुजा में 15.9%, रायगढ़ में 14.45%, जांजगीर में 6.23% और कोरबा में 3.79 फीसदी मतदान
प्रदेश की 7 सीटों पर सीटों पर हो रहे चुनाव में कुल 123 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके भाग्य का फैसला 1.27 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेगे। मतदान के लिए 15,408 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। प्रदेश से लगती सीमाओं को सील कर दिया गया है और 80 हजार जवानों की तैनाती की गई है।
रायपुर लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद दुबे ने आनंद समाज लाइब्रेरी ब्राह्मण पारा पहुंचकर मतदान किया
कई जगहों पर मिल रही है ईवीएम मशीन खराब होने की शिकायत। रायपुर शहर के 12 से अधिक मतदान केंद्रों में अभी तक शुरू नहीं हो पाया है मतदान। सुंदर नगर मतदान केंद्र 184 में आधा घंटा तक मतदान रहा प्रभावित। टिकरापारा 130 नंबर बूथ की मशीन खराब। ईवीएम मशीनों की गड़बड़ी से मतदाताओं में नाराजगी
रायपुर में फाफाडीह के शहीद स्मारक स्कूल में 86 वर्ष की रानी विरदी ने अपना वोट डाला। उन्होंने जब अपना पहला वोट डाला था तब चुनावों में अमिट स्याही का उपयोग नहीं होता था।
बेमेतरा में नवागढ़ के मतदान क्रमांक 154 का वीवीपैट खराब। केंद्र क्रमांक 151 की वोटिंग मशीन बंद होने से मतदान प्रभावित।
दिव्यांगों में भी मतदान को लेकर उत्साह। मतदान को लेकर दिव्यांगों के लिए चुनाव आयोग ने किए विशेष इंतजाम। बूथों पर बनाए सहायता केंद्र। वृद्ध व दिव्यांगजनों के लिए चलाए गए हैं वाहन।
एडिशनल सीईओ डॉ एस भारती दासन ने भी अपनी पत्नी के साथ मतदान किया
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुब्रत साहू ने अपनी पत्नी के साथ रायपुर के देवेन्द्र नगर ऑफिसर कॉलोनी के सामुदायिक भवन बूथ क्रमांक 50 में पहुंचकर मतदान किया
बिलासपुर से भाजपा प्रत्याशी अरुण साव मतदान करने से पहले चंतापारा हनुमान मंदिर में पूजा करने पहुंचे।
मतदान शुरू होने के साथ ही कई जगहों पर ईवीएम खराब। जिसके चलते कुछ बूथों पर अभी तक शुरू नहीं हो सका मतदान।
तिल्दा-नेवरा में बूथ नंबर 186 का ईवीएम में खराब, सूरजपुर जिले से भी ईवीएम में खराबी की खबर। यहां पोलिंग बूथ 44 में ईवीएम खराब, बिलासपुर के गौरेला में बूथ क्रमांक 73 और 68 में अभी तक मतदान शुरू नही शुरू हो सका।
इसी तरह बेमेतरा जिले के नवागढ़ में मतदान केन्द्र 151 में ईवीएम और 154 में वीवीपैट खराब होने मतदान प्रभावित
रायपुर में फुढ़हर के सरकारी स्कूल में बने बूथ का ईवीएम खराब। अभी तक एक भी वोट नहीं पड़ा।
रायपुर पश्चिम में रोहणीपुरम स्थित सरस्वती शिशु मंदिर केंद्र की ईवीएम खराब। तकनीशियन भी ठीक नहीं कर पा रहे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बदलने के निर्देश दिए।
मतदान शुरू होने से पहले ही लोग वोट देने के लिए लाइन में लग गए। लोगों में मतदान को लेकर उत्साह
रायपुर में दो मेयरों के बीच मुकाबला, जांजगीर में त्रिकोणीय संघर्ष
रायपुर लोकसभा सीट
इस बार दो मेयरों के बीच मुकाबला है। भाजपा से पूर्व मेयर सुनील सोनी मैदान में हैं, तो कांग्रेस ने वर्तमान मेयर प्रमोद दुबे पर दांव खेला है। फिलहाल यहां से भाजपा के रमेश बैस मौजूदा सांसद हैं। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनसभा की है।
बिलासपुर लोकसभा सीट
भाजपा ने अरूण साव को मैदान में उतारा है। एबीवीपी के साथ छात्र राजनीति में कदम रखने वाले अरुण साव के पिता संघ से जुड़े रहे व चुनाव संचालक भी रहे। वहीं कांग्रेस ने अटल श्रीवास्तव को मैदान में उतारा है। अटल कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रहे और लाठीचार्ज प्रकरण में तेजी से उनका नाम उभरा।
दुर्ग लोकसभा सीट
भाजपा से विजय बघेल और कांग्रेस से प्रतिमा चंद्राकर प्रत्याशी हैं। दोनों रिश्ते में मुहबोले भाई और बहन हैं। वहीं दुर्ग मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गृह जिला है और उनका विधानसभा सीट पाटन भी दुर्ग संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। भूपेश बघेल पारिवारिक रिश्ते में विजय बघेल के चाचा हैं।
कोरबा सीट
यहां से भाजपा ने ज्योतिनंद दुबे को मैदान में उतारा है। ये रमन सरकार में खाद्य मंत्री भी रह चुके हैं। वहीं कांग्रेस ने विधानसभा स्पीकर की पत्नी ज्योत्सना महंत को टिकट दिया है।
रायगढ़ सीट
भाजपा ने गोमती साय को अपना प्रत्याशी बनाया है। गोमती साय जशपुर से हैं और वहां जाना पहचाना चेहरा हैं, लेकिन रायगढ़ के लिए नया नाम हैं। वहीं कांग्रेस ने धरमजयगढ़ विधायक लालजीत साठिया को उनके खिलाफ मैदान में उतारा है।
सरगुजा सीट
भाजपा प्रत्याशी रेणुका सिंह पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक रह चुकी हैं। कांग्रेस प्रत्याशी खेलसाय सिंह प्रेमनगर विधानसभा सीट से विधायक हैं और तीन बार सांसद रह चुके हैं।
जांजगीर सीट
वैसे तो प्रदेश में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही है, लेकिन ये अकेली ऐसी सीट है, जहां त्रिकोणीय संघर्ष होने की संभावना है। इस सीट पर बसपा की भी अच्छी पकड़ है और वो इसे अपनी पैतृक सीट मानती है। बसपा ने कांशीराम के सहयोगी रहे दाउराम रत्नाकर को मैदान में उतारा है, तो भाजपा ने पूर्व सांसद गुहाराम अजगले, तो कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता रहे स्व. परसराम भारद्वाज के पुत्र रवि भारद्वाज को प्रत्याशी बनाया है।
रैली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
सबसे ज्यादा रायपुर, बिलासपुर में 25, सबसे कम सरगुजा में 10 प्रत्याशी
अंतिम चरण की 7 सीटों पर सुबह सात बजे से शाम 5 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इन सीटों पर कुल 1 करोड़ 27 लाख 13 हजार 816 मतदाता हैं। इनमें रायपुर लोकसभा में 21 लाख 11 हजार 104, बिलासपुर में 18 लाख 75 हजार 904, रायगढ़ में 17 लाख 31 हजार 655, कोरबा में 15 लाख 7 हजार 779, जांजगीर-चांपा में 18 लाख 95 हजार 232, दुर्ग में 19 लाख 38 हजार 319 और सरगुजा लोकसभा में 16 लाख 53 हजार 283 मतदाता हैं।
वहीं मतदान के लिए रायपुर में 2343, बिलासपुर में 2221, रायगढ़ में 2327, कोरबा में 2008, जांजगीर-चांपा में 2173, दुर्ग में 2183 और सरगुजा में 2153 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें संगवारी बूथ भी शामिल हैं। अंतिम चरण में होने वाले चुनाव में सबसे ज्यादा रायपुर व बिलासपुर में 25-25 उम्मीदवार और सबसे कम सरगुजा में 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अतिरिक्त रायगढ़ में 14, कोरबा में 13, जांजगीर-चांपा में 15 और दुर्ग में 21 उम्मीदवार चुनाव में खड़े हैं। सुरक्षा के लिहाज से सूबे की सीमा से सटे राज्यों के साथ मिलकर एंटी नक्सल ऑपरेशन भी चलाए जा रहे हैं। नक्सल प्रभावित जिलों में विशेष सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
आचार संहिता लागू होने के बाद से करीब 9 करोड़ रुपए जब्त
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू के मुताबिक, आचार संहिता लागू होने के बाद से प्रदेश में अब तक 8 करोड़ 71 लाख 64 हजार 55 रुपए से अधिक अवैध धनराशि और वस्तु जब्त की गई है। इसमें 7 करोड़ 62 लाख 42 हजार 605 रुपए नकद बरामद किए गए। वहीं छत्तीसगढ़ में आचार संहिता उल्लंघन को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के की ओर से कुल 44 शिकायतें की गई हैं। इनमें 21 शिकायतें भाजपा, 15 कांग्रेस और 8 शिकायतें अन्य राजनीतिक दलों व संगठनों की ओर से की गई।
source by DB
