छत्तीसगढ़ / नौतपा आज से पर बिलासपुर में पारा 46.2 डिग्री रायपुर समेत मैदानी इलाकों में लू जैसे हालात

रायपुर : आज से नौतपा शुरू हो गया है, लेकिन उससे पहले ही शुक्रवार को बिलासपुर भीषण गर्मी की चपेट में अा गया। वहां इस सीजन में पहली बार तापमान 46 डिग्री के पार चला गया। राजनांदगांव में भी पारा 45 डिग्री से अधिक हो गया। इन दोनों शहरों के अलावा कोरबा में भी शुक्रवार को दोपहर में लू चली। राजधानी रायपुर समेत मैदानी इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच पहुंच गया है। दिन ही नहीं, अब रात में भी गर्मी बेहाल करने लगी है। रायपुर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात पारा 33 डिग्री के करीब पहुंच गया और पूरी रात गर्म हवा चली।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रात में भी भीषण गर्मी के अासार हैं। सभी जगह लू चलने की अाशंका है। मौसम वैज्ञानिक पीएल देवांगन के अनुसार मई अंत में रायपुर में पारा 46 डिग्री तक रह सकता है। राजस्थान की ओर से अा रही गर्म हवा की चपेट में प्रदेश अा गया है। राजनांदगांव अौर बिलासपुर में लू घोषित कर दी गई है। दोनों जगह तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर है। राजनांदगांव और कोरबा में भी पारा 45 डिग्री के पार है। रायपुर में रात का तापमान 33 डिग्री पर पहुंच गया है। अगले तीन-चार दिन में यह 31 से 34 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
पांच दिन रहेगी भीषण गर्मी : 25 मई शनिवार से नौतपे की शुरुआत हो रही है। नौतपा 2 जून तक रहेगा। ज्योतिष शास्त्रियों के मुताबिक इस बार नौतपा काफी गरम रहने वाला है। अधिकतर नौतपे के दौरान बारिश हो जाती है। लेकिन मौसम विभाग ने भी अगले 5 दिन तक भीषण गर्मी की संभावना व्यक्त की है।
द्रोणिका फेल हो गई इसलिए इतनी गर्मी : पूर्वी उत्तरप्रदेश के ऊपर कम दबाव की एक पट्टी (द्रोणिका) बनी हुई है। इसके असर से थोड़ी नमी अा रही है, लेकिन भीषण गर्मी में यह सिस्टम भी फेल हो गया है और प्रदेश में इसका असर नहीं है। बंगाल की खाड़ी से बस्तर में थोड़ी नम हवा पहुंची, इसीलिए वहां शुक्रवार को तापमान 39 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। लेकिन वहां से इसका असर रायपुर तक नहीं पहुंच पाया। इसलिए अभी हवा में नमी सुबह 8.30 बजे 42 प्रतिशत है, लेकिन शाम को घटकर 16 प्रतिशत हो रही है। प्रदेश की सीमा में केवल 5 प्रतिशत बादल छाए हैं, इसलिए बारिश की संभावना काफी कम है। यही नहीं, अगले तीन-चार दिन तक राजधानी रायपुर में दोपहर का तापमान 44 डिग्री से अधिक ही रहने की संभावना है।
