
शुभम् मरकाम
मितान भूमि समाचार
2028 का बिगुल: भैंसा सेक्टर से AAP का सियासी शंखनाद, संगठन विस्तार की हुंकार

आरंग। आम आदमी पार्टी (AAP) छत्तीसगढ़ ने आगामी विधानसभा चुनाव 2028 के लिए अभी से कमर कस ली है। प्रदेश प्रभारी संदीप पाठक और सह-प्रभारी मुकेश अहलावत के मार्गदर्शन में पार्टी ने सत्ता के खिलाफ सीधी चुनौती पेश करते हुए संगठन को ‘युद्धस्तर’ पर मजबूत करने का अभियान शुरू कर दिया है।
सड़क से सदन तक की लड़ाई: उत्तम जायसवाल
विधानसभा आरंग के भैंसा सेक्टर में आयोजित इस अहम बैठक में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष श्री उत्तम जायसवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा:
”आम आदमी पार्टी अब जनता के हक और अधिकारों के लिए चुप नहीं बैठेगी। हम इस लड़ाई को सड़क से सदन तक ले जाएंगे। मौजूदा व्यवस्था आम आदमी की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसका जवाब हम हर गांव और गली में जन-आंदोलन खड़ा करके देंगे।”

संगठन सृजन ही क्रांति का आधार: परमानंद जांगड़े
स्थानीय नेता एवं एस.सी. विंग के प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जांगड़े ने स्पष्ट किया कि पार्टी अब कार्यालयों से निकलकर सीधे जनता की दहलीज तक पहुंचेगी। उन्होंने ऐलान किया कि:
• वार्ड से लेकर ब्लॉक स्तर तक नई टीमों का गठन किया जाएगा।
• जुझारू और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को कमान सौंपी जाएगी।
• संगठन विस्तार को एक ‘क्रांति’ के रूप में देखा जा रहा है।
”छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा” से आएगा बदलाव
वरिष्ठ कार्यकर्ता द्वारिका नारंग, दीपक ओगरे और उमाकांत वर्मा ने एक बड़ी घोषणा करते हुए “छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा” का आह्वान किया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य अरविंद केजरीवाल की जनहितकारी नीतियों को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुँचाना और जनता को ‘विकल्प’ के बजाय ‘बदलाव’ का भरोसा दिलाना है।

शुभम् मरकाम
मितान भूमि समाचार
9111749055












