

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सी.सी.पी.एल.) के तृतीय संस्करण का शानदार आगाज 03 जून 2026 को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन मुकाबले में रायपुर रायनोंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए राजनांदगांव पैंथर्स को 90 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स के सामने रायपुर रायनोंस के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। निर्धारित 20 ओवरों में रायपुर रायनोंस ने 6 विकेट के नुकसान पर 228 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
रायपुर रायनोंस के कप्तान अमनदीप खरे ने कप्तानी पारी खेलते हुए 55 गेंदों में 11 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 102 रन बनाए। वहीं अमित कुमार यादव ने 45 गेंदों में 85 रनों की विस्फोटक पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 147 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। राजनांदगांव पैंथर्स की ओर से सत्यम दुबे ने 2 विकेट हासिल किए।
229 रनों के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण पूरी टीम 16 ओवरों में 138 रन बनाकर सिमट गई। टीम की ओर से कप्तान अजय मंडल ने संघर्षपूर्ण 74 रनों की पारी खेली, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका।
रायपुर रायनोंस की ओर से गेंदबाजी में गौरव चतुर्वेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं आशिष चौहान और प्रशांत साई पैकरा ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
इस शानदार प्रदर्शन के दम पर रायपुर रायनोंस ने मुकाबला 90 रनों से अपने नाम किया। मैच में शतकीय पारी खेलने वाले कप्तान अमनदीप खरे को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सी.सी.पी.एल. के तीसरे संस्करण का पहला मुकाबला दर्शकों के लिए रोमांच, आक्रामक बल्लेबाजी और शानदार गेंदबाजी का बेहतरीन संगम साबित हुआ। रायपुर रायनोंस की इस जीत ने टीम के इरादे साफ कर दिए हैं कि वह इस सीजन में खिताब की प्रबल दावेदार है।












