इंडियाराजनीती

संजीव बालियान और संगीत सोम का विवाद अब पुलिस के पाले में, एसओ करेंगे जांच

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान और सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम के बीच चल रहा विवाद अब पुलिस के पाले में पहुंच गया है। पूर्व विधायक संगीत सोम ने अपने लेटर पैड का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए शिकायत मेरठ पुलिस के आला अफसर को दी थी, जिसके बाद जांच एसओ लालकुर्ती इंदु वर्मा को दी है। लेटर पैड पर संजीव बालियान के खिलाफ कई गंभीर आरोप लिखकर मीडिया को दिए थे। गुरुवार को पूर्व विधायक के पीए को बुलाकर बयान दर्ज किए गए।

पूर्व विधायक संगीत सोम ने माल रोड स्थित आवास पर 11 जून को प्रेसवार्ता की थी। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के आरोपों का खंडन करते हुए पलटवार किया था। इसी दौरान संगीत सोम के लेटर पैड पर संजीव बालियान के खिलाफ 20 गंभीर आरोप लगाकर मीडिया को दिए गए थे। आरोप लगाया कि संजीव बालियान ने अपने कार्यकाल के दौरान अकूत संपत्ति अर्जित की है। भ्रष्टाचार में लिप्त रहने, आस्ट्रेलिया में जमीन खरीदने, हरियाणा में हुए पूर्व विधायक नफे सिंह हत्याकांड के आरोपियों को संरक्षण देने समेत 20 संगीन आरोप लगाए हैं। संजीव बालियान पक्ष की ओर से संगीत सोम को 10 करोड़ का मानहानि का नोटिस भेजा है। आरोप लगाया है छवि खराब करने की साजिश की जा रही है।

पूर्व विधायक संगीत सोम ने बताया कि मेरे लेटर पैड का दुरुपयोग हुआ है। मैंने तो प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया को बता दिया था उनकी ओर से कोई पत्र जारी नहीं किया गया। इस संबंध में लालकुर्ती थाने में तहरीर दी जा चुकी है। मैं भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता हूं। इस तरह का काम नहीं कर सकता। किसी नोटिस की जानकारी नहीं है।

एसपी सिटी मेरठ आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पूर्व विधायक द्वारा दी गई तहरीर में जांच मेडिकल एसओ इंदु वर्मा को दी गई है। संगीत सोम के पीए को थाने बुलाकर उनके बयान दर्ज किए गए है। साथ ही माल रोड आवास के सीसीटीवी फुटेज और आसपास लगे सीसीटीवी वीडियो फुटेज की जांच की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button