इंडियाराजनीती

दिल्ली में जोरदार बारिश का ऑरेंज अलर्ट; 31 जुलाई तक मौसम के तीखे तेवर, आगे कैसा हाल?

नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एकबार फिर झमाझम बारिश वाला मौसम बन गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर वज्रपात की घटना भी हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में 4 अगस्त तक कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने 30 जुलाई को भी दिल्ली एनसीआर के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग ने 31 जुलाई को भी मौसम कमोबेश बारिश वाला ही रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। हालांकि इसको लेकर किसी प्रकार का अलर्ट (येलो, ऑरेंज या रेड) जारी नहीं किया गया है। 1 अगस्त से तीव्रता में कुछ कमी आएगी लेकिन हल्की बारिश देखी जा सकती है।

मौसम विभाग ने पहली से लेकर 4 अगस्त तक दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो इस हफ्ते दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।

दिल्ली में मंगलवार को जोरदार बारिश के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव हो गया और लोगों को जाम से जूझना पड़ा। पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, आईटीओ, धौला कुआं, नारायणा, पटेल नगर, विजय चौक, जंगपुरा, आरके पुरम, लाजपत नगर, तालकटोरा रोड, रफी मार्ग और रोहिणी जैसे इलाकों में भारी बारिश हुई। पंचकुइयां रोड, मोती बाग, ITO, मुखर्जी नगर और पुल प्रह्लादपुर समेत कई जगहों पर जलभराव की शिकायतें आईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button