
नई दिल्ली में हुए एक इवेंट में रैम्प वॉक के लिए सारा अली खान और खुशी कपूर को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार होना पड़ा। इंस्टाग्राम और रेड्डिट पर दोनों ही एक्ट्रेसेज के वीडियो वायरल हुए, जिन्हें साझा करते हुए लोगों ने कहा कि दोनों ही एक्ट्रेस रैम्प वॉक के दौरान इसमें बिलकुल भी दिलचस्पी नहीं दिखा रही थीं। ऐसा लग रहा था जैसे वो यह वॉक बस करने के लिए कर रही हों और उनका इसमें कोई इंट्रेस्ट ना हो। फिर एक बार सोशल मीडिया पर प्रोफेशनल मॉडल और एक्ट्रेसेज से यह काम कराने की बात पर बहस छिड़ गई।
बात सारा अली खान की करें तो वह इंडिया कोचर वीक में आएशा राव के रोज गोल्ड लहंगे में बतौर शो स्टॉपर मौजूद थीं। ना के बराबर मेकअप और खुले बालों में सारा कमाल लग रही थीं, लेकिन बात रैम्प वॉक की करें तो सोशल मीडिया पर लोग इससे बिलकुल भी प्रभावित नहीं हुए। किसी ने उनकी रैम्प वॉक को ‘बहुत ज्यादा धीमी’ बताया तो किसी ने कहा कि वह ‘जरूरत से ज्यादा एक्सप्रेशन्स’ दे रही हैं। एक फॉलोअर ने कमेंट किया- इन लोगों को वॉक के लिए हायर कौन कर रहा है? बिलकुल ही वाहियात।
एक फॉलोअर ने लिखा- वो अपनी वॉक के दौरान जरूरत से ज्यादा ठुमके क्यों लगा रही है, आखिर उसके पोज क्या हैं? सारा अली खान की तरह ही खुशी कपूर को भी अपनी रैम्प वॉक के लिए ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। एक फॉलोअर ने लिखा, “ऐसा लग रहा है कि कोई अंकल जिन्हें गठिया है, वो पार्क में वॉक करने निकले हैं। दूसरे ने लिखा- एनर्जी कहां है? एक शख्स ने लिखा- बिलकुल भी दिलचस्पी नहीं दिखा रही हैं। ऐसा लग रहा है कोई जॉम्बी वॉक कर रहा है। इसी तरह के ढेरों कमेंट लोगों ने सारा और खुशी के वीडियो पर किए हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो जहां खुशी कपूर फिल्म इंडस्ट्री में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ सारा अली खान के करियर की गाड़ी बहुत पहले ही चल पड़ी है। सारा अली खान को लगातार अच्छे प्रोजेक्ट मिल रहे हैं और अब वह जल्द ही नखरेवाली और अश्वत्थामा में काम करती नजर आ सकती हैं। वहीं खुशी कपूर की अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो लवयापा और नादानियां के बाद अब दर्शकों को उनकी अगली अनाउंसमेंट का इंतजार है।












