खेलछत्तीसगढ़राज्यरायपुर

सी.सी.पी.एल. 2026 के उद्घाटन मुकाबले में रायपुर रायनोस की शानदार जीत

नवा रायपुर । छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सी.सी.पी.एल.) के तृतीय संस्करण का आगाज रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में खेले गए उद्घाटन मैच में रायपुर रायनोस ने राजनांदगांव पैंथर्स को 90 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

टॉस जीतकर राजनांदगांव पैंथर्स ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायपुर रायनोस ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 228 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान अमनदीप खरे ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 55 गेंदों में 102 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं अमित कुमार यादव ने 45 गेंदों में 85 रनों की विस्फोटक पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 147 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। राजनांदगांव पैंथर्स की ओर से सत्यम दुबे ने 2 विकेट हासिल किए।

229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। नियमित अंतराल में विकेट गिरने के कारण पूरी टीम 16 ओवरों में 138 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान अजय मंडल ने सर्वाधिक 74 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका।

रायपुर रायनोस की ओर से गेंदबाजी में गौरव चतुर्वेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। आशिष चौहान और प्रशांत साई पैकरा ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

रायपुर रायनोस ने यह मुकाबला 90 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। शानदार शतकीय पारी खेलने वाले कप्तान अमनदीप खरे को “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया।

सी.सी.पी.एल. के तीसरे संस्करण की यह शानदार शुरुआत दर्शकों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर रही। आगामी मुकाबलों में भी क्रिकेट प्रेमियों को कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button