नई दिल्ली। अमेरिका ने भारत के लिए ईरान से तेल आयात की छूट खत्म कर दी है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतें फिर आसमान छूने की आशंका है। भारत अपनी जरूरत का अधिकतर तेल आयात करता है, जिससे क्रूड का ऊंचा दाम उसकी अर्थव्यवस्था पर चौतरफा असर डाल सकता है। एशियाई विकास बैंक के अनुसार क्रूड की कीमतों का सीधा असर भारत के इक्विटी बाजार पर पड़ेगा। इसमें गिरावट आने से विदेशी निवेश प्रभावित होगा और चालू खाते का घाटा बढ़ सकता है। तेल कीमतों का असर घरेलू बाजार में माल ढुलाई पर होने से खुदरा महंगाई फिर बेकाबू हो सकती है। यह सरकार के राजस्व गणित को प्रभावित करेगी और आरबीआई अपनी नीतिगत दरों में एक और कटौती करने से ठिठक सकता है। बैंक के अनुसार क्रूड का ऊंचा दाम भारतीय अर्थव्यवस्था पर चौतरफा असर डाल सकता है।
