चिरायु योजना से प्रिया लोधी के हृदय का सफल ऑपरेशन
माता-पिता बोले – अब अच्छे से मनायेंगे होली

रायपुर जिला में जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी एवं चिरायु की नोडल अधिकारी डॉ. श्वेता सोनवानी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम ‘चिरायु’ के अंतर्गत एक बालिका को नया जीवन मिला है।
ग्राम गुल्लु, विकासखण्ड आरंग स्थित प्राथमिक शाला में चिरायु टीम द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कक्षा चौथी की छात्रा प्रिया लोधी (पिता – श्री अश्वनी लोधी) की हृदय गति असामान्य पाई गई। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि खेलते समय उसे अत्यधिक थकान और सांस फूलने की समस्या होती थी। टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए परिजनों को तत्काल हृदय रोग विशेषज्ञ से परामर्श की सलाह दी गई।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने उपचार का खर्च बड़ी चिंता का विषय था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर चिरायु टीम की पहल से 28 जनवरी 2026 को एम.एम.आई नारायणा अस्पताल में ईको जांच कराई गई, जिसमें हृदय में छेद (हार्ट डिफेक्ट) की पुष्टि हुई और ऑपरेशन आवश्यक बताया गया।
जिला प्रशासन की नवाचार कल्याणकारी योजना “प्रोजेक्ट धड़कन” के माध्यम से 19 फरवरी 2026 को बालिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 24 फरवरी 2026 को उसका सफल एवं निःशुल्क ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के पश्चात स्वास्थ्य में सुधार होने पर 28 फरवरी 2026 को प्रिया को डिस्चार्ज कर दिया गया।
इस सफल उपचार में डीपीएम मनीष कुमार मैजरवार, कंसल्टेंट डॉ. रंजना गायकवाड़, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजयलक्ष्मी अनंत, बीपीएम दीपक मीरे, चिरायु टीम के डॉ. अबरार आलम, डॉ. शोभा निषाद, फार्मासिस्ट डुमेन्द्र धुर्वे, एएनएम टिकेश्वरी साहू एवं एलटी मुकेश साहू का विशेष योगदान रहा।
प्रिया लोधी के माता-पिता ने जिला प्रशासन, कलेक्टर एवं संपूर्ण स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनकी बेटी स्वस्थ है और इस बार वे होली का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मना सकेंगे।












