
खरोरा। खरोरा स्थित देशी शराब दुकान में कथित रूप से अवैध शराब बिक्री का खेल लंबे समय से चलने की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान से कोचिया खुलेआम झोले में शराब भरकर ले जाते देखे जा सकते हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदारों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
विशेष सूत्रों के अनुसार यह मामला कोई नया नहीं है, बल्कि लंबे समय से दुकान से शराब उठाकर बाहर ऊंचे दामों में बेचने का कारोबार संचालित हो रहा है। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि इस पूरे मामले में दुकान के सुपरवाइजर की मिलीभगत के बिना इतनी बड़ी मात्रा में शराब बाहर ले जाना संभव नहीं है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या संबंधित आबकारी अधिकारियों को इस पूरे मामले की जानकारी नहीं है, या फिर उनकी चुप्पी भी कई संदेहों को जन्म दे रही है। जिस तरह से कोचिया बेखौफ होकर शराब दुकान से शराब ले जाते नजर आते हैं, उससे विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि खरोरा देशी शराब दुकान में चल रहे इस कथित खेल की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि शासन को राजस्व की हानि रोकने के साथ अवैध शराब बिक्री पर भी अंकुश लगाया जा सके।












