लॉगिन

‘ऑपरेशन अंकुश’ का बड़ा एक्शन, दो जुआ फड़ों पर छापा; 9 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद

क्राईम न्यूज़ November 7, 2026 • रिपोर्टर: Shubham Markam
‘ऑपरेशन अंकुश’ का बड़ा एक्शन, दो जुआ फड़ों पर छापा; 9 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद

‘ऑपरेशन अंकुश’ का बड़ा एक्शन, दो जुआ फड़ों पर छापा; 9 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद

‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रानीसागर और तारापुर में एक साथ कार्रवाई, कहीं स्ट्रीट लाइट तो कहीं मोमबत्ती की रोशनी में चल रहा था जुए का खेल

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की विशेष टीम ने खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में संचालित दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश देकर 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों से कुल 9 लाख 500 रुपये नकद सहित ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी राहुल उइके एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस को दोनों स्थानों पर बड़े पैमाने पर जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर एक साथ छापेमारी की।

रानीसागर में स्ट्रीट लाइट के नीचे लग रहा था लाखों का दांव

पहली कार्रवाई खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर स्थित पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर की गई। यहां स्ट्रीट लाइट की रोशनी में दो पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने मौके से 19 जुआरियों को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 6 लाख 7 हजार 400 रुपये नकद, ताश की दो गड्डियां और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की गई।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश अग्रवाल (49), राधेन्द्र गुप्ता (44), विकास अग्रवाल (49), राजकमल अग्रवाल (38), अभिषेक अग्रवाल (36), विनय अग्रवाल (36), अमोल अग्रवाल (40), संदीप अग्रवाल (41), आलोक अग्रवाल (45), संजय कुमार (38), पारस उर्फ पिन्टु (36), अंकित कुमार (36), मुरली अग्रवाल (38), हासित गुप्ता (48), प्रतीक अग्रवाल (38), अमन कुमार (30), दिनेश अग्रवाल (53), शुभम अग्रवाल (25) और नरेश कुमार (58) शामिल हैं। ये सभी खरसिया, घरघोड़ा, रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।

तारापुर में मोमबत्ती की रोशनी में चल रहा था जुआ

दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में एचपी गैस एजेंसी के पास की गई। यहां दीवार के किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों पर रुपये दांव पर लगाए जा रहे थे। पुलिस की दबिश पड़ते ही कुछ जुआरी मौके से फरार हो गए, जबकि 10 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

पुलिस ने मौके से 2 लाख 93 हजार 100 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की।

गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश यादव (44), चमनदीप सिंह (23), रौनक अग्रवाल (37), राजीव लोचन बेहरा (40), आकाश गर्ग, विकास अग्रवाल, प्रिंस सलूजा (27), पंकज कुमार महथा (41), रजत गोयल (31) और यश अग्रवाल (29) शामिल हैं। सभी रायगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

जुआरियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई

दोनों मामलों में गिरफ्तार कुल 29 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस संयुक्त कार्रवाई में खरसिया और कोतरारोड़ थाना प्रभारियों सहित पुलिस के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

खबर शेयर करें: