लॉगिन

थिम्मापीयाह क्रिकेट टूर्नामेंट: छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में बनाए 310 रन, मध्य प्रदेश को 130 रन की बढ़त

खेल September 3, 2026 रिपोर्टर: Shubham Makram
थिम्मापीयाह क्रिकेट टूर्नामेंट: छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में बनाए 310 रन, मध्य प्रदेश को 130 रन की बढ़त

थिम्मापीयाह क्रिकेट टूर्नामेंट: छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में बनाए 310 रन, मध्य प्रदेश को 130 रन की बढ़त

रायपुर। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की मेजबानी में खेले जा रहे डॉ. के. थिम्मापीयाह मेमोरियल आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में छत्तीसगढ़ सीनियर टीम और मध्य प्रदेश के बीच मुकाबले के तीसरे दिन दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

मध्य प्रदेश ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 290 रन बनाकर घोषित की थी। टीम की ओर से शुभम शर्मा ने 105 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि यश दुबे ने 69 रन का योगदान दिया। कुमार कार्तिकेय ने भी 24 रन बनाए।

छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों में मयंक यादव और संदीप वारियर ने तीन-तीन विकेट लेकर मध्य प्रदेश के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। जयंत यादव को दो और वासुदेव बरेथ को एक सफलता मिली।

छत्तीसगढ़ की पहली पारी 310 रन पर सिमटी

मध्य प्रदेश के 290 रन के जवाब में छत्तीसगढ़ ने 109.2 ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए 310 रन बनाए और पहली पारी में 20 रन की बढ़त हासिल की।

छत्तीसगढ़ की ओर से अनुज तिवारी ने 83 रन की उपयोगी पारी खेली। सानिध्य हुरकत ने 55 और विकल्प तिवारी ने 46 रन बनाए। वहीं जयंत यादव ने नाबाद 42 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया।

मध्य प्रदेश के गेंदबाजों में कुमार कार्तिकेय और रवि किरण ने तीन-तीन विकेट लेकर छत्तीसगढ़ की पारी पर लगाम लगाई।

दूसरी पारी में मध्य प्रदेश ने बनाई मजबूत स्थिति

पहली पारी में पिछड़ने के बाद मध्य प्रदेश ने दूसरी पारी में बेहतर बल्लेबाजी करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक 51 ओवर में 6 विकेट पर 150 रन बना लिए।

हिमांशु मंत्री 67 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 29 रन का योगदान दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से अजय मंडल और संदीप वारियर ने दो-दो विकेट हासिल किए।

तीसरे दिन स्टंप्स तक मध्य प्रदेश ने कुल 130 रन की बढ़त हासिल कर ली है। अब मुकाबले के चौथे दिन छत्तीसगढ़ की नजरें मध्य प्रदेश की पारी को जल्द समेटने और लक्ष्य को चुनौतीपूर्ण बनाने पर होंगी।

खबर शेयर करें: