लॉगिन

मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती, देशभर में ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ का संदेश

खेल August 29, 2026 रिपोर्टर: Shubham Makram
मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती, देशभर में ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ का संदेश

मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती, देशभर में ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ का संदेश

नई दिल्ली। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आज देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा कर राष्ट्रीय खेल दिवस की बधाई दी। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। पीएम मोदी ने खिलाड़ियों की मेहनत, जुनून और दृढ़ संकल्प की भी सराहना की।

उपराष्ट्रपति ने किया ध्यानचंद को याद

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस दृढ़ संकल्प, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन की भावना का उत्सव है। उन्होंने कहा कि भारत का तेजी से बढ़ता खेल तंत्र देश में हर स्तर पर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दर्शाता है।

उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं और युवाओं को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने और खेलों में अधिक भाग लेने की अपील की।

‘एक घंटा खेल के मैदान में’

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के अवसर पर फिट इंडिया अभियान के तहत देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लोगों और युवाओं को कम से कम एक घंटे खेल के मैदान में समय बिताने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

मांडविया ने कहा कि लाखों युवा अपने आसपास के मैदानों में पहुंचकर खेल और फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए स्वस्थ और फिट समाज जरूरी है।

राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद के शानदार खेल करियर को याद करने के साथ युवाओं को खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का संदेश भी देता है।

खबर शेयर करें: