15 लाख की दही हांडी पर गोविंदाओं की नजर, गुढ़ियारी में दिखेगा रोमांच का जोरदार मुकाबला
15 लाख की दही हांडी पर गोविंदाओं की नजर, गुढ़ियारी में दिखेगा रोमांच का जोरदार मुकाबला
- 5 सितंबर को अवधपुरी मैदान में जुटेंगी कई राज्यों की टीमें, बी प्राक की लाइव परफॉर्मेंस बनेगी शाम की शान
रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में इस बार दही हांडी उत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से 5 सितंबर 2026, शनिवार को अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में भव्य दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3 बजे से होगी।
आयोजन के 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुके इस उत्सव को इस बार बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा सहित अन्य राज्यों से गोविंदा टोलियां पहुंचेंगी। सभी की नजर प्रतियोगिता के 15 लाख रुपये के प्रथम पुरस्कार पर रहेगी। हांडी फोड़ने के दौरान टीमों के बीच ताकत, संतुलन, अनुशासन और बेहतर तालमेल की परीक्षा होगी।
26 से ज्यादा टीमों का पंजीयन
आयोजकों के अनुसार रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव सहित प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से अब तक करीब 26 गोविंदा एवं महिला गोविंदा टोलियां पंजीयन करा चुकी हैं। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के भंडारा, इंदौर और जबलपुर से भी टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अपना नाम दर्ज कराया है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है।
समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल एवं सह-संयोजक हेमेंद्र साहू ने बताया कि बाहर से आने वाली टीमों को भी आयोजन में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। अन्य प्रतिभागी टोलियों को समिति की ओर से प्रोत्साहन एवं सांत्वना राशि भी प्रदान की जाएगी।
बी प्राक की प्रस्तुति पर झूमेंगे युवा
दही हांडी प्रतियोगिता के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम इस उत्सव का एक और बड़ा आकर्षण होगा। लोकप्रिय गायक बी प्राक अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा और छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर भी मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
आयोजकों का कहना है कि इस बार धार्मिक आयोजन के साथ युवाओं के लिए संगीत और मनोरंजन का भी विशेष इंतजाम किया गया है। ऐसे में बड़ी संख्या में कृष्ण भक्तों और युवा दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
महिला गोविंदाओं का भी दिखेगा दम
इस वर्ष पुरुष गोविंदा टोलियों के साथ महिला दही हांडी प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा ग्रीस युक्त खंभे पर दही हांडी फोड़ने की प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। अलग-अलग राज्यों से आने वाली टीमें इन चुनौतियों में अपनी क्षमता और टीमवर्क का प्रदर्शन करेंगी।
सुरक्षा और चिकित्सा की रहेगी व्यवस्था
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन के सहयोग से पुलिस व्यवस्था की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी। दर्शकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
समिति ने गोविंदा टोलियों से प्रतियोगिता के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि किसी टोली द्वारा अपने स्तर पर किए गए प्रयास से होने वाली व्यक्तिगत दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की स्वयं की होगी।
कृष्ण भक्तों से शामिल होने की अपील
सार्वजनिक दही हांडी उत्सव समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने रायपुरवासियों, युवाओं और कृष्ण भक्तों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दही हांडी उत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता का पर्व है। सभी लोग मिलकर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष के साथ उत्सव को यादगार बनाएं।
प्रेस वार्ता के दौरान पुष्पेंद्र उपाध्याय, हेमेंद्र साहू, दीनानाथ शर्मा, घनश्याम पारीक, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, शंकर बरवा, प्रकाश माहेश्वरी, पुरुषोत्तम देवांगन, संजय अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, श्रवण शर्मा, दीपक राम एवं भगत अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।