लॉगिन

एशियन पैरा गेम्स में छत्तीसगढ़ का स्वर्णिम परचम, तोमन कुमार और शीतल देवी ने रचा इतिहास

छत्तीसगढ़ October 23, 2026 • रिपोर्टर: Shubham Markam
एशियन पैरा गेम्स में छत्तीसगढ़ का स्वर्णिम परचम, तोमन कुमार और शीतल देवी ने रचा इतिहास

एशियन पैरा गेम्स में छत्तीसगढ़ का स्वर्णिम परचम, तोमन कुमार और शीतल देवी ने रचा इतिहास

पैरा तीरंदाजी की कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा में जीता स्वर्ण पदक, छत्तीसगढ़ के तोमन कुमार ने बढ़ाया देश-प्रदेश का गौरव
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने दी बधाई, कहा-प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभा और संकल्प को मिल रही अंतरराष्ट्रीय पहचान

रायपुर, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पैरा तीरंदाजी की कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर भारतीय पैरा तीरंदाज शीतल देवी और छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान खिलाड़ी तोमन कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारतीय तिरंगे की शान बढ़ाने वाली यह स्वर्णिम उपलब्धि पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ के लिए विशेष गौरव का क्षण है।
श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बेटे तोमन कुमार ने शीतल देवी के साथ शानदार तालमेल, सटीक निशानेबाजी और अद्भुत एकाग्रता का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की क्षमता, परिश्रम और दृढ़ संकल्प को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी का एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना प्रदेश के खेल जगत के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि तोमन कुमार और शीतल देवी की सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह साहस, आत्मविश्वास और चुनौतियों पर विजय पाने की प्रेरणादायी कहानी भी है। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और लक्ष्य के प्रति अटूट विश्वास के बल पर सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।
श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध है। प्रदेश के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी उपलब्धियों से छत्तीसगढ़ की पहचान को नई ऊंचाई दे रहे हैं। तोमन कुमार की यह स्वर्णिम सफलता विशेष रूप से प्रदेश के युवा एवं दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें खेल के क्षेत्र में बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने दोनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर समस्त छत्तीसगढ़वासियों को गर्व है। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश के लिए नई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।

खबर शेयर करें: