भव्य आस्था का सैलाब: हनुमान जन्मोत्सव पर श्रीराम सेना ने रायपुर में निकाली विराट शोभायात्रा, गूंजा ‘जय श्रीराम’ का जयघोष….

भव्य आस्था का सैलाब: हनुमान जन्मोत्सव पर श्रीराम सेना ने रायपुर में निकाली विराट शोभायात्रा, गूंजा ‘जय श्रीराम’ का जयघोष….
रायपुर।हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रीराम सेना रायपुर द्वारा आयोजित भव्य एवं विशाल शोभायात्रा ने पूरे शहर को राममय और हनुमंतमय बना दिया।
श्रीराम सेना रायपुर के जिला अध्यक्ष शक्ति दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ गुढ़ियारी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया।
इस अवसर पर ट्रैक्टर में भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र जी के भव्य राम दरबार एवं भक्त हनुमान जी की आकर्षक मूर्ति स्थापित की गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। श्रीराम सेना छत्तीसगढ़ के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री श्रवण अन्नूरक्सेल जी द्वारा पूजा-अर्चना के पश्चात शोभायात्रा को रवाना किया गया।
शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए गुढ़ियारी स्थित दक्षिण मुखी मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर, मछली तालाब पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में ‘जय श्रीराम’ और ‘बजरंगबली की जय’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में श्रीराम सेना रायपुर के संयोजक पं. कोमल राव मुलंकार, अध्यक्ष जितेश सोनानी, शुभम यादव, भानु पांडे, सहसंयोजक आदर्श चतुर्वेदी, देवेंद्र साहू, नितेश वर्मा, रोशन नायक, खिलेश छतरिया, लकी साहू, सागर साहू, बंटी वैष्णव, राकेश कहार सहित सैकड़ों की संख्या में श्रीराम भक्त एवं हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे।
यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का भी संदेश दे गया।












