छत्तीसगढ़राज्यरायपुर

जल जीवन मिशन से ग्राम पथरी में शत-प्रतिशत घरों में पहुंच रहा नल से जल

  • 92 परिवार हुए लाभान्वित, ग्रामीणों के स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्या में भी आया सुधार

अम्बिकापुर.  पेयजल संकट से जूझते लखनपुर विकासखण्ड के ग्राम पथरी में आज हर घर में नल से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। जल जीवन मिशन के तहत गांव के प्रत्येक परिवार को घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किया गया है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।  ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती फुलसुन्दरी बताती हैं कि गांव में वर्षों से पेयजल की गंभीर समस्या थी। शुद्ध पानी के अभाव में ग्रामीणों को अनेक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। योजना ने गांव महिलाओं को बड़ी राहत दी है,  इनका अधिकांश समय पानी की व्यवस्था करने में लग जाता था, लेकिन अब उन्हें अन्य कार्यों के लिए भी पर्याप्त समय मिल रहा है।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पथरी में पाइपलाइन बिछाकर कुल 92 नल कनेक्शन दिए गए हैं। योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद अब गांव के सभी परिवारों को उनके घरों में ही नियमित रूप से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। शुद्ध पेयजल की उपलब्धता से गांव में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आई है। दूषित जल के कारण होने वाली बीमारियों का खतरा कम हुआ है और ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

जल जीवन मिशन के तहत समय-समय पर ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता के संबंध में भी जानकारी दी जाती है। ग्राम पथरी के ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन ने उनके जीवन को आसान और सुविधाजनक बना दिया है। अब उन्हें पानी के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ता और वे अपने समय का बेहतर उपयोग कर पा रहे हैं। गांव में खुशहाली का वातावरण है और लोग इस योजना को अपने जीवन में आए सबसे बड़े सकारात्मक बदलावों में से एक मानते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button