छत्तीसगढ़

सामान्य सभा की बैठक में विभागीय कार्यों,बजट उपयोग और विकास योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा

जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं, बजट उपयोग, विकास कार्यों की प्रगति तथा आगामी कार्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, जल संसाधन, वन, लोक निर्माण, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग से वर्ष 2025-26 में प्राप्त बजट, स्वीकृत कार्यों, व्यय की स्थिति एवं भौतिक उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग के अंतर्गत नवीन शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व विद्यालय भवनों की स्थिति, जर्जर एवं भवन विहीन स्कूलों, आवश्यक मरम्मत कार्यों तथा विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तक उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। वन विभाग से वर्ष 2025-26 में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य तथा पूर्व वर्षों के बोनस वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। वहीं आर्सेलर मित्तल कंपनी लिमिटेड द्वारा सीएसआर मद से संचालित गतिविधियों एवं विकास कार्यों की समीक्षा भी बैठक में की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि सीएसआर निधि का उपयोग स्थानीय आवश्यकताओं और पंचायतों की प्राथमिकताओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि कंपनियां केवल स्वयं एजेंसी बनकर कार्य करने के बजाय पंचायतों के माध्यम से भी विकास कार्यों को क्रियान्वित करें, जिससे स्थानीय सहभागिता बढ़े और योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को स्वीकृत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, बजट का प्रभावी उपयोग तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय और सतत समीक्षा से विकास कार्यों में गति आएगी तथा जिले के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। बैठक के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम सहित जिला पंचायत के सदस्यगण एवं विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button