महिलाओं को 40 हजार सालाना पेंशन, युवाओं को 5 हजार बेरोजगारी भत्ता देने का वादा
महिलाओं को 40 हजार सालाना पेंशन, युवाओं को 5 हजार बेरोजगारी भत्ता देने का वादा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं, दलितों, शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं। सपा ने सरकार बनने पर बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक प्रतिमाह 5 हजार रुपये भत्ता देने, पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का ऐलान किया है।
घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में ही सरकारी रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। पार्टी ने सरकारी विभागों में खाली पड़े 10 लाख पदों पर भर्ती शुरू करने तथा भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया छह महीने के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा दो से तीन करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का वादा भी किया गया है।
किसानों को कर्जमाफी और एमएसपी की गारंटी
सपा ने अपने घोषणापत्र में किसानों के लिए भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। पार्टी ने किसानों की कर्जमाफी के साथ प्रदेश में पैदा होने वाली 23 फसलों और दूध के लिए कानूनी रूप से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी देने का वादा किया है। फसल खराब होने पर मूल्य क्षतिपूर्ति की व्यवस्था करने की बात भी कही गई है। वहीं, गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का दावा किया गया है।
महिलाओं और दलितों के लिए विशेष घोषणाएं
महिलाओं को लेकर सपा ने सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया है। वहीं, दलित समुदाय के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद गठित करने की घोषणा की गई है। पार्टी ने 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए वर्ग के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण देने का भी वादा किया है।
शिक्षा और कर्मचारियों को लेकर वादे
शिक्षा क्षेत्र में 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने, बंद किए गए विद्यालयों को दोबारा शुरू करने तथा शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को शिक्षकों के समान वेतन दिलाने की दिशा में काम करने की बात कही गई है। आशा, आंगनबाड़ी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन और समायोजन का लाभ देने का भरोसा भी दिया गया है। इसके अलावा समाजवादी कैंटीन में पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है।
स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास को मिलेगी प्राथमिकता
सपा ने पीडीए और गरीब परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया है। इसके तहत इलाज, दवाइयां, भोजन और रहने की सुविधा निःशुल्क देने की बात कही गई है। कैंसर संस्थान को पूरी तरह संचालित करने और वहां शोध कार्य शुरू कराने का प्रस्ताव भी घोषणापत्र में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए डेढ़ लाख करोड़ रुपये खर्च करने तथा न्यू विलेज क्लस्टर विकसित करने का वादा किया गया है।
संविधान के मुद्दे पर भाजपा पर साधा निशाना
घोषणापत्र जारी करने के दौरान अखिलेश यादव ने संविधान के मुद्दे पर भाजपा और संविधान में बदलाव की पैरवी करने वाली शक्तियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा, मन-विधान से नहीं। संविधान शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा करने वाली ढाल है।
अखिलेश ने कहा कि संविधान में बदलाव की किसी भी कथित साजिश का मुकाबला करने के लिए संविधान समर्थकों को एकजुट होना होगा। उन्होंने आरक्षण की रक्षा, सामाजिक समानता और भेदभाव खत्म करने को समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता बताया। जातिगत जनगणना कराने का वादा दोहराते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए सभी वर्गों की वास्तविक स्थिति का आकलन जरूरी है।
सपा के इस घोषणापत्र में युवाओं को रोजगार, किसानों को आर्थिक सुरक्षा, महिलाओं को पेंशन और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी गई है। पार्टी ने इन घोषणाओं के जरिए आगामी चुनाव में सामाजिक न्याय और कल्याणकारी योजनाओं को अपना प्रमुख राजनीतिक एजेंडा बनाने का संकेत दिया है।