चूहों का दुश्मन और पर्यावरण का रक्षक है रेड सैंड बोआ, रायपुर में हुआ रेस्क्यू
चूहों का दुश्मन और पर्यावरण का रक्षक है रेड सैंड बोआ, रायपुर में हुआ रेस्क्यू
रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप मिलने से लोगों में कौतूहल का माहौल बन गया। कई वर्षों बाद इस प्रजाति का सांप शहर के एक घर में देखा गया। सूचना मिलने पर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया गया।
रेड सैंड बोआ का वैज्ञानिक नाम एरीक्स जॉनी (Eryx johnii) है। इसे स्थानीय भाषा में बिल खोदू सांप और दोमुंहा सांप के नाम से भी जाना जाता है। इसकी खासियत यह है कि इसकी पूंछ का हिस्सा भी सिर की तरह गोल दिखाई देता है। इसी वजह से लोगों को इसके दो सिर होने का भ्रम होता है।
पूरी तरह विषहीन होता है रेड सैंड बोआ
रेड सैंड बोआ पूरी तरह विषहीन सांप है और इसका स्वभाव सामान्यतः शांत होता है। यह ज्यादातर जमीन के अंदर या बिलों में रहना पसंद करता है। इसका मुख्य भोजन चूहे और अन्य छोटे जीव हैं। इस कारण यह खेतों और आसपास के क्षेत्रों में चूहों की आबादी नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में है मददगार
वन्यजीवों के जानकारों के अनुसार रेड सैंड बोआ प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह चूहों की संख्या नियंत्रित कर पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में योगदान देता है। ऐसे में इस सांप को देखते ही घबराने या नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग अथवा प्रशिक्षित एनिमल रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए।
भाठागांव में मिले इस दुर्लभ सांप का सुरक्षित रेस्क्यू और उसे प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जाना वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम है।