युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने अम्बिकापुर में होगा सरगुजा ओलंपिक का आगाज
युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने अम्बिकापुर में होगा सरगुजा ओलंपिक का आगाज
अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने के उद्देश्य से संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन तथा जिला प्रशासन सरगुजा के संयुक्त तत्वावधान में 27 नवंबर को पी.जी. कॉलेज मैदान अम्बिकापुर में इसका भव्य शुभारंभ होगा। कार्यक्रम दोपहर 10:45 बजे आयोजित किया जाएगा।
समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आदिम जाति विकास एवं कृषि विकास मंत्री रामविचार नेताम करेंगे।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में वित्त मंत्री एवं सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा सरगुजा उत्तर क्षेत्र विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह, बैकुण्ठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते, सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा और प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी भी समारोह में शामिल होंगे।
विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्षों की रहेगी मौजूदगी
शुभारंभ समारोह में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित सरगुजा संभाग के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह तथा अंत्यावसायी राज्य सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बेसरा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इसके साथ ही माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शंभुनाथ चक्रवर्ती, छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष रामलखन पैकरा, अम्बिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत और जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष निरूपा सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगी।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
सरगुजा ओलंपिक के आयोजन का उद्देश्य संभाग के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, युवाओं में खेल भावना विकसित करना और खेल गतिविधियों के प्रति उनकी भागीदारी बढ़ाना है। इस आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।