स्पीड पोस्ट से पेंशन तक की शिकायतों की होगी सुनवाई, डाक विभाग ने जारी की तारीख
छत्तीसगढ़
November 26, 2026
•
रिपोर्टर: Shubham Markam
स्पीड पोस्ट से पेंशन तक की शिकायतों की होगी सुनवाई, डाक विभाग ने जारी की तारीख
रायपुर। डाक कार्मिकों, ग्रामीण डाक सेवकों, पेंशनरों और डाक सेवाओं के उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय डाक विभाग के छत्तीसगढ़ परिमंडल द्वारा 4 दिसंबर 2026 को परिमंडल स्तरीय अदालतों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत डाक कार्मिक अदालत, ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) अदालत, पेंशनर अदालत और डाक अदालत लगाई जाएगी। आयोजन सुबह 11 बजे से रायपुर स्थित मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में होगा।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, छत्तीसगढ़ परिमंडल कार्यालय के अनुसार, इन अदालतों में डाक कर्मचारियों की सेवा संबंधी शिकायतों, ग्रामीण डाक सेवकों के नियोजन से जुड़े मामलों और पेंशनरों की पेंशन भुगतान संबंधी समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। इसके साथ ही आम उपभोक्ताओं को डाक सेवाओं में आ रही परेशानियों का भी निराकरण किया जाएगा।
डाक अदालत में डाक वस्तुओं के वितरण में देरी, डाकघर काउंटर सेवाओं, स्पीड पोस्ट तथा डाक जीवन बीमा (पीएलआई) से संबंधित शिकायतों पर विचार किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य संबंधित लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।